देवल संवाददाता, आजमगढ़। साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को व्हाट्सऐप कॉल के जरिए खुद को अधिकारी बताकर उसके खाते से गलत लेनदेन होने और देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होने का भय दिखाया। इसके बाद उसे ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर कुल 26.70 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। मामले में आजमगढ़ साइबर क्राइम पुलिस ने लखनऊ से एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहांगीर आलम (27) पुत्र मो. रईस, निवासी मछली माहौल, लालकुर्ती, आमीनाबाद, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, 2,070 रुपये नकद और विभिन्न मोबाइल नंबरों से संबंधित सिम कार्ड बरामद किए हैं।
अधिकारी बनकर किया डिजिटल अरेस्ट
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल की गई। कॉल करने वालों ने खुद को अधिकारी बताते हुए कहा कि उसके बैंक खाते से गलत लेनदेन हुआ है और उसके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होने वाला है। इस तरह पीड़ित को डराकर डिजिटल अरेस्ट कर लिया गया।
इसके बाद गिरफ्तारी से बचाने और मामले को निपटाने के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग खातों में कुल ₹26,70,000 ट्रांसफर करा लिए गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम आजमगढ़ में मु0अ0सं0 32/2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 204 और आईटी एक्ट की धारा 66C, 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जहांगीर आलम की पहचान की। साइबर क्राइम पुलिस टीम लखनऊ पहुंची और आरोपी को उसकी सहमति से आजमगढ़ लेकर आई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद 20 अगस्त 2026 को सुबह 11:35 बजे उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों को व्हाट्सऐप कॉल करता था। खुद को पुलिस या अन्य अधिकारी बताकर मुकदमे और गिरफ्तारी का डर दिखाता और फिर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पीड़ितों से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराता था।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों और साइबर ठगी के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में साइबर क्राइम पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही।
