कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।विभिन्न मांगों को लेकर सवर्ण समाज के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के पास डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सवर्ण समाज से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने सवर्ण आयोग के गठन की मांग करते हुए कहा कि इससे समाज की समस्याओं के समाधान के लिए एक संस्थागत व्यवस्था बनेगी। इसके साथ ही आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा, एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने और उससे जुड़े आयोग में बदलाव की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी से संबंधित प्रस्तावित व्यवस्थाएं भी समाज में असंतोष का कारण बन रही हैं, जिन पर पुनर्विचार आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों को लेकर कई बार आवाज उठाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे समाज में असंतोष बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो आगामी समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मांगों की अनदेखी का राजनीतिक प्रभाव भविष्य के चुनावों में देखने को मिल सकता है। धरना समाप्त होने के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदर्शन में अनिल सिंह, सूर्यभान सिंह, धीरेन्द्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
आरक्षण समीक्षा और एससी-एसटी एक्ट में बदलाव की मांग, सवर्ण समाज का धरना प्रदर्शन
अगस्त 31, 2026
0
Tags
