देवल संवाददाता, मऊ। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा आज जनपद में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।तिरंगा रैली में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली में स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। ढोल-नगाड़ों की गूंज और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा वातावरण देशप्रेम से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन,बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं देश के भविष्य हैं और उनमें राष्ट्रभक्ति,अनुशासन एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। रैली के दौरान जिलाधिकारी द्वारा गुब्बारों को आसमान में छोड़कर हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जन-जागरूकता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। गुब्बारों के आसमान में उड़ते ही विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रैली के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। रैली में “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” सहित विभिन्न राष्ट्रभक्ति नारों से वातावरण गूंजायमान रहा। कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, उमंग एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया।बरेली के दौरान,मुख्य राजस्व अधिकारी,बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय एवं अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं एवं अध्यापक उपस्थित रहें।
ढोल-नगाड़ों और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा शहर,स्कूली बच्चों ने बढ़ाया तिरंगा रैली का उत्साह
अगस्त 11, 2026
0
Tags
