देवल संवाददाता, मऊ। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की एक महत्वपूर्ण बैठक सरीखन पांडेय भवन,छेदापुरा शक्ति घाट में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सतेंद्र पांडेय जी ने की,जबकि संचालन अधिवक्ता मुहम्मद अंसारी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके अधिकारों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने शासन से मांग की कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उनके आश्रितों एवं श्रमिकों से संबंधित प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन और सरल बनाया जाए।बैठक में यह भी मांग उठी कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को उत्तराखंड सरकार की तर्ज पर प्रदेश में सम्मान पेंशन की सुविधा प्रदान की जाए तथा परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।स्वतंत्रता संग्राम परिवार के सुशील पांडेय प्रिंसिपल जी ने कहा कि सेनानी आश्रितों को मिलने वाले आरक्षण का सुचारू रूप से पालन किया जाना चाहिए और इसे तीसरी पीढ़ी तक लागू किया जाना चाहिए। अधिवक्ता दिनेश सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों को राष्ट्रीय परिवार घोषित किए जाने की मांग रखी।प्रशांत किशोर ने कहा कि जिन गांवों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार निवास करते हैं, उन गांवों में सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाना चाहिए। अधिवक्ता मुहम्मद अंसारी ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर सेनानी परिवारों के सदस्यों को तत्काल संविदा के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा योग्य लोगों को नौकरी में अवसर दिया जाए।विजय बहादुर सिंह जी ने मांग की कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के सम्मान और उनकी ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक जिले में एक संग्रहालय की स्थापना की जाए,ताकि आने वाली पीढ़ियां स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को जान सकें।बैठक के दौरान अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन का जिला अध्यक्ष के रूप उमाशंकर उम्र को जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और सेनानी परिवारों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर रामलाल मौर्या,हैदरअली,प्रशांत शुक्ला,अधिवक्ता सेराज अहमद,सुनील वर्मा,सतीश वर्मा है सभासद,अनिल विश्वकर्मा,विजय बहादुर सिंह,अधिवक्ता सिराज अहमद,इजहार अहमद,जुनेद अर्सलान,नागेंद्र,मुहम्मद राशिद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
