कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । विधान सभा क्षेत्र आलापुर अन्तर्गत सरयू नदी में बढ़ता जल स्तर लोगों के घरों तक पहुंच गया है और सैकड़ो बीघे फसल जल मग्न हो चुकी है प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लिए एलर्ट जारी किया है। मालूम हो बाढ़ प्रभावित इलाकों अराजी देवारा, माझा कम्हरिया , सिद्धनाथ आदि गांवों में बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है। बाढ़ का जलस्तर बढ़ने से गांव की आबादी तक पानी पहुंच चुका है जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। प्रसाद कुर्मी का पुरवा एवं हंशु का पुरवा में कुछ जगहों पर सम्पर्क मार्ग के ऊपर पानी बह रहा है।हंशु का पुरवा में कुछ घरों पर आने- जाने के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है । माझा कम्हरिया के बद्री का पूरवा में कुछ घरों तक पानी पहुंच चुका है। गन्ने एवं धान की फसल डूब गयी है इसके अलावा पशुओं के चारे एवं जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है । पूर्व में माझा कम्हरिया में कटान से सैकड़ों बीघा खेत नदी में समा गया है। प्रशासन द्वारा अराजी देवारा बंधे पर मेडिकल कैंप लगाया गया है।सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन ने पशुओं के चारे की व्यवस्था एवं राहत वितरण,स्वच्छ पानी, एंटीवेनम , मच्छरों की रोकथाम की मांग की है ।
मित्रसेन ने बताया कि हर वर्ष बाढ़ का पानी आता है लेकिन इसका कोई स्थायी निदान नहीं किया जाता है अगर बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में बाढ़ आने से पहले नदियों में जमी गाद साफ की जाये,बंधे से संपर्क मार्ग को जोड़ने के लिए मुख्य मार्ग को चौड़ा एवं ऊंचा किया जाय सामूहिक भोजनालय, सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया जाये तो लोगों को सहूलियत मिलने लगेगी। ग्रामीण रामधनी, जोखन, प्रकाश, दीपक, जयराम, शिवपाल, अनुज, बनवारी, रामजीत, प्रवेश, छोटेलाल, राजकुमार, फूदल, अजय, मनीषा ने कहा कि बाढ़ से खेती डूब रही है तो गांव में पानी और विषैले जानवरों का खतरा बना रहता है रातभर जागकर जिन्दगी जिया जा रहा है।
