कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । ईद-मिलाद-उल-नवी (बारावफात) के मद्देनजर जिले में विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है। प्रशासन ने 26 अगस्त को सुबह 9 बजे से शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही शाम 5 बजे से शहर क्षेत्र और पुरानी तहसील तिराहा की ओर हल्के वाहनों का प्रवेश भी पूरी तरह वर्जित रहेगा। भारी वाहनों को शहर में प्रवेश से पहले ही डायवर्ट किया जाएगा। आजमगढ़ व बसखारी की ओर से अयोध्या जाने वाले वाहन न्यौतरिया बाईपास से गोहन्ना चौराहा, पहतीपुर होते हुए अन्नावा मार्ग से भेजे जाएंगे। अयोध्या से आने वाले वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगे। बस्ती और टांडा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कटरिया याकूबपुर से बाईपास पर डायवर्ट किया जाएगा। शहर के भीतर मालीपुर रोड, जलालपुर रोड, बसखारी रोड (न्यौतरिया), टांडा रोड (कटरिया याकूबपुर), भिखारीपुर मोड़, गोहन्ना चौराहा, फायर सर्विस और अन्नावा तिराहा जैसे प्रमुख बिंदुओं पर डायवर्जन लागू रहेगा। हल्के वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। पटेल क्षेत्र से इल्तफातगंज जाने वाले वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज मोड़ से होकर जाएंगे। शहजादपुर और तहसील की ओर आने-जाने वाले वाहनों को गोहन्ना बाईपास और हाईवे के रास्ते भेजा जाएगा। अयोध्या रोड से पटेल तिराहा की ओर आने वाले वाहन अन्नावा तिराहा से डायवर्ट होकर न्यौतरिया बाईपास के रास्ते जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शाम 5 बजे के बाद शहर में किसी भी प्रकार के हल्के वाहन का प्रवेश नहीं होगा। सभी वाहनों को निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही उपयोग करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और त्योहार के दौरान सहयोग बनाए रखें, ताकि जुलूस व धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
