कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर जिले में लगातार हो रही बारिश गरीब परिवारों के लिए आफत बनती जा रही है। कटेहरी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम मंशापुर करोना में मंगलवार देर रात तेज बारिश के कारण उमेश चौहान का कच्चा मिट्टी का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। इस घटना में पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया और परिवार की वर्षों की जमा पूंजी कुछ ही पलों में नष्ट हो गई। मकान गिरने से घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन और अन्य जरूरी सामान मलबे में दबकर पूरी तरह खराब हो गया। पीड़ित की पत्नी पूजा देवी ने बताया कि हादसे के बाद उनके सामने दो वक्त के भोजन और रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिवार के पास अब न तो सिर छिपाने के लिए छत बची है और न ही दैनिक जीवन चलाने के लिए आवश्यक संसाधन। बारिश के इस मौसम में घर उजड़ जाने के बाद पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए हालात और भी मुश्किल हो गए हैं। रात के समय बारिश और नमी के कारण परिवार को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। फिलहाल पड़ोसियों के सहयोग से किसी तरह परिवार अपनी रात गुजार रहा है, लेकिन यह व्यवस्था अस्थायी है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र के कई कच्चे मकान जर्जर हो चुके हैं और ऐसे हादसों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांव में सर्वे कर कमजोर मकानों को चिन्हित किया जाए और जरूरतमंद परिवारों को समय रहते राहत दी जाए। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल, मकान गिरने के बाद परिवार बदहाल स्थिति में है और प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।
तेज बारिश में कच्चा मकान गिरा, गरीब परिवार बेघर, सामान मलबे में दबा, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर
अगस्त 26, 2026
0
Tags
