देवल संवाददाता, बलिया में अपराध नियंत्रण और आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की एक गोष्ठी आयोजित की गई।
उपमहानिरीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को महिला अपराधों के अभियुक्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा। गैंगस्टर के अभियुक्तों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार जब्त करने के भी निर्देश दिए गए।
'ऑपरेशन दृष्टि' के तहत आम जनता के सहयोग से अधिक से अधिक क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने ओवरलोड वाहनों के अवैध संचालन पर रोक लगाने और अवैध शराब के निष्कर्षण, भंडारण तथा बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगाने का भी निर्देश दिया। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। महिला हेल्पडेस्क के माध्यम से 'मिशन शक्ति' के तहत सामुदायिक पुलिसिंग और महिला सशक्तिकरण के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया गया।
विवेचना में पारदर्शिता और साक्ष्य की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए 'ई-साक्ष्य' ऐप के माध्यम से घटनास्थल की डिजिटल वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपराधियों की निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए 'यक्ष' ऐप पर हिस्ट्रीशीटरों से संबंधित डेटा को तत्काल अपडेट करने को कहा गया। डीआईजी ने थानों में लंबे समय से लंबित विवेचनाओं, विशेषकर 60 दिनों से अधिक पुराने मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य संकलन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर न्यायालय में चार्जशीट या अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने के कड़े निर्देश दिए।
आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गोष्ठी में एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा, एसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, समस्त क्षेत्राधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
