देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिला अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। आरोप है कि मंगलवार दोपहर मुख्य दवा वितरण कक्ष में ड्यूटी के दौरान फार्मासिस्ट का जन्मदिन मनाया जाता रहा, जबकि बाहर दवा लेने के लिए मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लगी रही। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार दवा कक्ष प्रभारी अनिल चौधरी का जन्मदिन होने पर दोपहर करीब 12 बजे दवा वितरण कक्ष के अंदर केक काटकर पार्टी आयोजित की गई। इस दौरान दवा वितरण प्रभावित होने का आरोप है। बाहर पर्ची हाथ में लिए मरीज, बुजुर्ग, महिलाएं और बीमार बच्चों को गोद में लिए परिजन गर्मी और उमस में घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे, जबकि अंदर कर्मचारी केक काटने, फोटो खिंचवाने और जश्न मनाने में व्यस्त दिखाई दिए।
आरोप है कि दवाओं के संवेदनशील स्टॉक रूम को गुब्बारों और रिबन से सजाया गया था, जिससे अस्पताल के नियमों और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। मरीजों का कहना है कि ड्यूटी के समय इस तरह का आयोजन उनकी परेशानी बढ़ाने वाला है।
इस पूरे मामले में जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया ने कहा, “दवा कक्ष में पार्टी मनाना गलत है। यदि ऐसा हुआ है तो मामले की जांच कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में जन्मदिन मनाने और मरीजों की सुविधा प्रभावित होने के आरोपों ने जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर प्रशासन की जांच और संभावित कार्रवाई पर टिकी है।
