देवल संवाददाता, बूढ़नपुर, आज़मगढ़। सामुदायिक मधुमेह जांच, जागरूकता एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आज़मगढ़ के चिकित्सक डॉ. गौरव सिंह, परामर्शदाता चिकित्सक एवं मधुमेह रोग विशेषज्ञ, विजय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (हड्डी हॉस्पिटल), आज़मगढ़ को प्रतिष्ठित “सामुदायिक मधुमेह जांच एवं निवारक स्वास्थ्य सेवा में उत्कृष्टता पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान भारतीय चिकित्सा संघ, हैदराबाद, तेलंगाना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय चिकित्सा संघ एएमएस के सचिव डॉ. सी. साईराम द्वारा प्रदान किया गया। सम्मान मिलने पर चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
डॉ. गौरव सिंह लंबे समय से सामुदायिक स्तर पर मधुमेह की जांच, बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा समय रहते बचाव और उपचार के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों का उद्देश्य लोगों को मधुमेह जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
डॉ. गौरव सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से आज़मगढ़ का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। क्षेत्रवासियों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान आज़मगढ़ के लिए गर्व की बात है और इससे जिले के अन्य चिकित्सकों एवं युवाओं को भी समाजहित में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
