कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के क्रम में मंगलवार को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज परिसर पूरी तरह तिरंगामय नजर आया। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव के दिशा-निर्देशन में कल्चरल सोसायटी के सचिव डॉ. पंकज के सहयोग से मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
अभियान के तहत एक-दूसरे को तिरंगा भेंट कर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया गया। इसी क्रम में प्रधानाचार्य कार्यालय में रामजीत बाबू ने प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव को तिरंगा भेंट किया। इसके उपरांत मेडिकल कॉलेज की विभिन्न ओपीडी, कार्यालयों एवं कार्यस्थलों पर चिकित्सकों, फैकल्टी एवं कर्मचारियों को तिरंगा वितरित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने अभियान की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की रक्षा करते हुए अपने कार्यों के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है।
पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर में दिनभर देशभक्ति एवं हर्षोल्लास का वातावरण बना रहा। चिकित्सकों, फैकल्टी, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अभियान में सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।
