कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।थाना आलापुर क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सरावा गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर ताला तोड़ दिया और जेवरात समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिवार के लोग घर के अंदर सोते रहे और चोर रात के अंधेरे में घर को खंगालते रहे। सुबह नींद खुलने के बाद जब परिजनों की नजर बिखरे सामान और टूटे ताले पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए।सरावा निवासी नईम खान के घर में रात के समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया। सुबह परिजन जागे तो घर के भीतर सामान अस्त-व्यस्त मिला। छानबीन करने पर अंदर का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया और कई सामान गायब मिले। चोरी की जानकारी होते ही परिवार में हड़कंप मच गया।परिजनों के मुताबिक चोर घर से जेवरात, कपड़े और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हुए हैं। चोरी के बाद घर के पीछे स्थित छप्पर में आधार कार्ड, बैंक पासबुक, कपड़े और कुछ अन्य सामान पड़ा मिला। माना जा रहा है कि चोरों ने चोरी के दौरान सामान को खंगाला और जो चीजें उन्हें उपयोगी अथवा कीमती लगीं, उन्हें लेकर फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही थाना आलापुर के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली।सरावा में हुई इस वारदात ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस तरह रात के समय घर का ताला तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और कीमती सामान लेकर निकल गए, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों में पुलिस का खौफ कितना है।ग्रामीणों में चर्चा है कि आखिर चोरों ने जिस घर को निशाना बनाया, क्या उन्हें वहां रखे सामान की पहले से जानकारी थी? क्या वारदात में स्थानीय लोगों की कोई भूमिका है या फिर बाहर से आए गिरोह ने घटना को अंजाम दिया? इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच से ही सामने आएगा।
