आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित सरायपोख्ता पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर मंगलवार को एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह राहगीरों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और सरायपोख्ता चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)