आमिर, देवल ब्यूरो ,शाहगंज । जौनपुर शाहगंज तहसील के सरपतहा थाना क्षेत्र स्थित कुसियाबहार गांव में सोमवार को एक प्रेमी युगल द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लेने का मामला सामने आया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में दोनों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मजहलीपट्टी गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज और कुसियाबहार गांव निवासी 19 वर्षीय संध्या के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों रिश्ते में मौसेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन परिवार के लोग इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे।
सोमवार को सूरज, संध्या से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान शादी को लेकर दोनों पक्षों में विरोध और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर सरपतहा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
