आमिर, देवल ब्यूरो ,सुजानगंज । जौनपुर सुजानगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत फरीदाबाद स्थित प्रसिद्ध श्री गौरीशंकर धाम में श्रावण मास के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह तड़के से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लग गईं। मंदिर के कपाट खुलते ही "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। अनुमानित 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।
भक्त अपने साथ गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री लेकर पहुंचे तथा विधि-विधान से भोलेनाथ का अभिषेक किया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और पूरे दिन दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा।
मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सुजानगंज थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय और मेला प्रभारी आनंद राय लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। नायब तहसीलदार शुभम तथा कानूनगो अजीत पाण्डेय भी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय ने बताया कि सुजानगंज, महाराजगंज, सिंगरामऊ सहित कई थानों की पुलिस फोर्स, एक प्लाटून पीएसी, फायर ब्रिगेड की टीम और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तैनात रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर समिति के सचिव सुधीर तिवारी ने बताया कि मंदिर समिति, पुलिस प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों के समन्वय से पहले सावन सोमवार का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, प्रशासनिक अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
