आमिर, देवल ब्यूरो ,सरायख्वाजा । जौनपुर अपराधियों और न्यायालय से फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायख्वाजा थाना पुलिस ने सोमवार को दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दोनों आरोपियों की लंबे समय से न्यायालय में पेशी लंबित थी, जिसके चलते उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जिलेभर में वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी सदर परमानंद सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पयागपुर निवासी प्रकाश दूबे पुत्र विनोद सिंह तथा सैफपुर जपटापुर निवासी बोगी बिंद पुत्र छंगू राम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बोगी बिंद एक पुराने न्यायालयी प्रकरण में वांछित था, जिसमें पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। पुलिस का कहना है कि जिले में वारंटियों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस अभियान में उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव, हेड कांस्टेबल धनंजय यादव तथा हेड कांस्टेबल रणजीत यादव की प्रमुख भूमिका रही।
