आमिर, देवल ब्यूरो ,सतहरिया । जौनपुर जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सोमवार को मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र स्थित सतहरिया पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने सीडा (औद्योगिक) क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्योगपतियों और उद्यमियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस और उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाएगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने, उनके नियमित संचालन और निगरानी पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी उद्यमियों के सहयोग से एक केंद्रीय कमांड सेंटर विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सावन माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए एसएसपी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज की ओर से बड़ी संख्या में कांवड़ियों का आवागमन होता है, इसलिए उनके मार्गों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु रखा जाए, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बीट पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी जिम्मेदारियों की समीक्षा की और आमजन के साथ शालीन, संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
.jpeg)