आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जौनपुर पुलिस ने ‘समग्र अभियान’ के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की अब तक की कार्रवाई और अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को अभियान के तहत चिन्हित सभी बिंदुओं पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान घोषित अपराधियों, गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) वाले आरोपियों, स्थायी वारंटियों और विभिन्न मामलों में वांछित चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने को कहा गया। एसएसपी ने निर्देश दिया कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ थाना स्तर पर विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर समय रहते शिकंजा कसा जा सके।
बैठक में लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण एवं साक्ष्य आधारित निस्तारण किया जाए। साथ ही लंबे समय से अनसुलझी घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने तथा अपहृत व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी के लिए प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया गया।
अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत पात्र मामलों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने वाले अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने, सक्रिय गैंग का पंजीकरण करने और माफिया के रूप में चिन्हांकन की प्रक्रिया को भी तेज करने को कहा गया।
एसएसपी ने आपराधिक इतिहास वाले शस्त्र लाइसेंसधारकों की भी जांच कराने और पात्र मामलों में उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गंभीर अपराधों में शामिल दुर्दांत अपराधियों को न्यायालय से मिली जमानत के निरस्तीकरण की कार्रवाई को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।
अपराध नियंत्रण के लिए तकनीकी संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी, उनकी कार्यशीलता की नियमित जांच और जरूरत वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी। भ्रामक सूचनाएं फैलाने, आपत्तिजनक पोस्ट करने अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी सदर परमानंद कुशवाहा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ‘समग्र अभियान’ के अंतर्गत निर्धारित प्रत्येक बिंदु पर शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
