कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । मालीपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ दियारा गांव में अजय शुक्ला हत्याकांड का पुलिस ने करीब छह घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे जमीन हड़पने की साजिश सामने आई है, जिसमें मृतक के परिजनों की संलिप्तता बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 8:20 बजे पीआरवी के माध्यम से गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान बैजनाथ शुक्ला के पुत्र अजय शुक्ला के रूप में की। मृतक की बहन की तहरीर पर मालीपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद तीन पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान मौसेरे भांजे अनिरुद्ध मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की साजिश का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार अजय शुक्ला की कोई संतान नहीं थी, जिसके चलते उसकी जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से उसके भाई राजेश शुक्ला, पत्नी सोनी शुक्ला और अनिरुद्ध मिश्रा ने मिलकर साजिश रची। बताया गया कि अनिरुद्ध मिश्रा 17 अगस्त को सोनी शुक्ला के साथ गुजरात से गांव आया था। 18 अगस्त की शाम घर पहुंचने के बाद उसने अजय को शराब पिलाने के बहाने नेमपुर घाट ले गया। वहां से लौटने पर अजय के नशे में होने का फायदा उठाकर आरोपित ने रसोई में रखे चाकू से सिर पर वार किया और फिर गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हत्या को हादसा दिखाने के लिए आरोपित ने मृतक के पैर के अंगूठे में पंखे का तार बांधकर बिजली का करंट प्रवाहित किया, ताकि घटना को करंट लगने से हुई मौत के रूप में पेश किया जा सके। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि इस मामले में अनिरुद्ध मिश्रा और सोनी शुक्ला को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अजय शुक्ला हत्याकांड का छह घंटे में खुलासा, जमीन कब्जे की साजिश में परिजनों की भूमिका सामने आई
अगस्त 20, 2026
0
Tags
