कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जन्मदिन को खास बनाने के लिए जहां लोग केक और जश्न का सहारा लेते हैं, वहीं वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानेंद्र पांडे ‘ज्ञानी जी’ ने अपने जन्मदिन पर रक्तदान कर मानवता की अनोखी मिसाल पेश की। उनके द्वारा किया गया यह रक्तदान एक लावारिस और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के लिए जीवनदायी साबित हुआ। जानकारी के अनुसार ग्राम सभा वारी, मुड़िला बाजार कादीपुर, सुल्तानपुर निवासी चंद्रशेखर सिंह उर्फ छोटू सिंह ने बताया कि उक्त लावारिस व्यक्ति करीब एक वर्ष से गांव में रह रहा है और कई बार खून की कमी से उसकी हालत गंभीर हो चुकी है। गांव के लोग समय-समय पर उसकी मदद करते रहे हैं। हाल ही में तबीयत बिगड़ने पर चंद्रशेखर सिंह ने समाजसेवा के लिए सक्रिय बरकत अली अकबरपुर, अम्बेडकरनगर से संपर्क किया। इसके बाद बरकत अली ने समन्वय कर ज्ञानेंद्र पांडे द्वारा जन्मदिन पर किए गए रक्तदान को जरूरतमंद तक पहुंचाया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। बरकत अली ने कहा कि “ज्ञानी जी जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने जन्मदिन पर रक्तदान कर जो उदाहरण पेश किया, वह दूसरों को भी मानवता के लिए आगे आने की सीख देता है।” इस सराहनीय कार्य को लेकर गांव में लोगों ने ज्ञानेंद्र पांडे और बरकत अली की जमकर प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे प्रयासों से ही समाज में इंसानियत और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है।
