बच्चों से संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याएं सुनने विद्यालय पहुंचे अधिकारी, रक्षाबंधन पर बांटी खुशियां और मिष्ठान
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशानुसार रक्षाबंधन पर्व के एक दिन पूर्व जनपद में अभिनव पहल के तहत समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं अन्य अधिकारियों द्वारा जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया गया, उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं को सुना गया तथा रक्षाबंधन का पर्व उल्लासपूर्वक मनाया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में बच्चों से संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं अन्य आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा बच्चों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा उनके यथासंभव निस्तारण के लिए आवश्यक प्रयास किए गए।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने बड़े ही उल्लास और आत्मीय भाव के साथ अधिकारियों की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा बच्चों को मिष्ठान वितरित कर उनके साथ पर्व की खुशियां साझा की गईं। तथा सभी छात्र छात्राओं को रक्षा बंधन पर्व की बधाई दी गई। विद्यालयों में अधिकारियों की मौजूदगी से बच्चों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
