देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी के आदेशानुसार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार आज विकासखंड मोहम्मदाबाद के ग्राम सभा चाक सहजा में आयोजित ग्राम चौपाल में महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा विभागीय बैनर एवं पोस्टर के साथ प्रतिभाग किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महिला सुरक्षा,सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। टीम द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, वन स्टॉप सेंटर,महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जागरूक किया गया।चौपाल में घरेलू हिंसा,बाल विवाह,दहेज प्रथा,लैंगिक समानता,महिला अधिकार, साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी प्रदान की गई।महिलाओं एवं ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की हिंसा अथवा उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं एवं सरकारी सहायता का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।इस दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए,जिनका विभागीय कर्मचारियों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलाना रहा।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम के कर्मचारी, ग्राम पंचायत अधिकारी,ग्राम प्रधान,पंचायत सहायक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
