देवल संवाददाता, हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सुदीक्षा नई राह फाउंडेशन द्वारा 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गौरीशंकर घाट एवं दिल्ली की शाखा में भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की अध्यक्ष श्रीमती सुधा पांडे जी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात बच्चों ने कई देशभक्ति गीतों पर नृत्य एवं गायन, भाषण, आर्ट एंड क्राफ्ट सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं सभी सदस्यों का मन मोह लिया।
बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार के रूप में स्टेशनरी एवं पढ़ाई-लिखाई से संबंधित सामग्री प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी शिक्षा और रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर संस्था की सचिव साक्षी पांडे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने देश के प्रति जिम्मेदारियों को समझने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक बनाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में सपना पांडे जी एवं हीना जी सहित संस्था के सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आदित्य, रत्नेश, शेषन, अंकित, अनन्या, श्वेता, स्मिता, श्रिया, कशिश, श्रुति और अंशिका सहित अन्य सदस्यगण ने अपनी सहभागिता दी और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, एकता और बच्चों की प्रतिभा का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, सदस्यों, बच्चों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। सुदीक्षा नई राह फाउंडेशन शिक्षा, प्रतिभा विकास और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में बच्चों के लिए निरंतर ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
