देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) लालगंज विकासखंड के सिकरौरा गांव में बुधवार को काली माता एवं ग्राम देवता की प्रतिमा के पुनर्स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भव्य आयोजन किया गया। बता दे कि धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की।
समारोह में वाराणसी से पहुंचे पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच काली माता एवं ग्राम देवता की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन कराया। हवन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने आहुति देकर गांव और क्षेत्र की खुशहाली, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। धार्मिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर गांव की महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर काली माता एवं ग्राम देवता की आराधना की। महिलाओं की गीत-संगीत से गाँव का माहौल भक्तिमय हो गया। वहीं ढोल-ताशे और नगाड़ों की गूंज से पूरा गांव गुंजायमान रहा। उत्साह से युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर ठुमके लगाए और समारोह का आनंद लिया। प्रतिमा के पुनर्स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में ग्रामीणों ने श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि काली माता एवं ग्राम देवता के प्रति गांव के लोगों की गहरी आस्था है।
