देवल संवाददाता, आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे एक छात्र के साथ बीच सड़क मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र की पिटाई की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मामला सिधारी थाना क्षेत्र के परानापुर स्थित BBS स्कूल के पास का बताया जा रहा है। वायरल सीसीटीवी फुटेज में कई युवक सड़क पर छात्र को रोककर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि स्कूल से घर लौटते समय युवकों ने छात्र को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।
घटना के बाद पीड़ित छात्र ने सिधारी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के आरोपों के आधार पर घटना के कारणों और मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
फिलहाल, बीच सड़क छात्र की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
