देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत बच्चों एवं पाठकों से संवाद स्थापित कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना।जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में पुस्तकों के आगत-निर्गत की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित रजिस्टरों की जांच की तथा अभिलेखों के नियमित एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध फर्नीचर,कुर्सियों एवं अन्य संसाधनों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनकी उपलब्धता एवं उपयोगिता की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में संचालित कोहा (KOHA) सॉफ्टवेयर के संबंध में कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सॉफ्टवेयर के माध्यम से पुस्तकों के डिजिटलीकरण,सूचीकरण एवं निर्गमन प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए इसके प्रभावी संचालन पर बल दिया।पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध वातावरण एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने शीघ्र ही पुस्तकालय भवन में एयर कंडीशनर (ए.सी.) उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां आने वाले विद्यार्थियों एवं पाठकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पुस्तकालय में स्वच्छता,प्रकाश व्यवस्था,बैठने की समुचित व्यवस्था तथा शांत एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए,ताकि पाठकों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन की सुविधाएं प्राप्त हो सकें। उन्होंने पुस्तकालय की समस्त व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित एवं पाठक हितैषी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
