कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने थाना अहिरौली के उन पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिन्होंने हाल ही में एक संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई और मानवीय व्यवहार का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।पिछले 31 जुलाई को डायल-112 पर सूचना मिली कि तमसा नदी के किनारे एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ संदिग्ध हालत में घूम रही है। सूचना मिलते ही पीआरवी पर तैनात आरक्षी धीरज सिंह और आरक्षी मानवेन्द्र पाल ने मिशन शक्ति टीम से संपर्क कर मौके पर पहुंचकर महिला और दोनों बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया।पूछताछ और दस्तावेजों के आधार पर महिला की पहचान की गई। उनकी मानसिक स्थिति सामान्य न होने के बावजूद पुलिस टीम ने धैर्य और संवेदनशीलता से काम लिया। परिजनों का पता लगाकर थाना इनायतनगर के माध्यम से उन्हें सूचित किया गया। महिला और बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। परिजनों के पहुंचने पर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति थाना अहिरौली के उपनिरीक्षक इंद्रेश कुमार, आरक्षी अर्जुन राजभर, आरक्षी पवन चौहान, महिला आरक्षी उज्ज्वला सिंह, महिला आरक्षी अनुष्का पाल तथा पीआरवी के आरक्षी धीरज सिंह और आरक्षी मानवेन्द्र पाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने इनकी त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।अम्बेडकरनगर पुलिस का कहना है कि वह जनसेवा, सुरक्षा और मानवीय मूल्यों के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध है।
अहिरौली पुलिस की संवेदनशील कार्रवाई: नदी किनारे भटक रही महिला और बच्चों को सुरक्षित बचाया, एसपी ने किया सम्मान
अगस्त 04, 2026
0
Tags
