आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था का जायजा लेने बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर, फार्मासिस्ट, एएनएम, वार्ड बॉय और लैब टेक्नीशियन सहित कई कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने तथा उनसे स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंजीतपुर का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. तूईना समीम, फार्मासिस्ट धर्मेंद्र यादव और लैब टेक्नीशियन प्रभावती मौर्य ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मचारियों को समय से उपस्थित होकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की हिदायत दी।
इसके बाद सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परियावा पहुंचे, जहां चिकित्सा अधिकारी, वार्ड बॉय और एएनएम भी ड्यूटी से नदारद मिले। सीएमओ ने इन कर्मचारियों के वेतन पर भी रोक लगाने का आदेश दिया। हालांकि निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई एवं दवाओं की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई। उन्होंने फार्मासिस्ट को डीवीडीएम पोर्टल पर दवाओं से संबंधित सभी प्रविष्टियां समयबद्ध ढंग से अपलोड करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुद्दूपुर का निरीक्षण अपेक्षाकृत संतोषजनक रहा। यहां सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित मिले तथा टीकाकरण कार्य नियमित रूप से संचालित होता पाया गया। सीएमओ ने चिकित्सा प्रभारी को एचपीवी वैक्सीन के तहत सभी पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा ई-कवच पोर्टल पर समय से सभी प्रविष्टियां दर्ज कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. गंगाराम गौतम ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संकेत दिए कि आगे भी इसी प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
