आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। कोतवाली पुलिस ने कुछ दिन पूर्व मॉर्निंग वॉक के लिए निकली महिला की सोने की चेन छीनकर भागने झपटमारी के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित 7,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में अपराध के कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जितेन्द्र कुमार उर्फ जीतू (36) पुत्र शिवनाथ गौतम, निवासी सदरपुर कैथौली, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7,400 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह रकम कोतवाली थाने में दर्ज झपटमारी के मुकदमे से संबंधित है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली जौनपुर में दर्ज मु0अ0सं0 163/2026 के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ और बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ जौनपुर के खुटहन, खेतासराय और कोतवाली तथा आजमगढ़ के दीदारगंज, अतरौलिया और फूलपुर थानों में धोखाधड़ी, लूट, झपटमारी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और आईटी एक्ट सहित कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी पुरानी बाजार सुनील कुमार यादव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र पाण्डेय, आरक्षी सुनील दुबे तथा महिला आरक्षी विमलेश शामिल रहीं।
