आमिर, देवल ब्यूरो ,गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। सोशल मीडिया पर अवैध असलहे के साथ फोटो वायरल होने के मामले में गौराबादशाहपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक युवक की अवैध असलहे के साथ फोटो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फोटो में दिखाई दे रहा युवक मैरादखान पुलिया के पास मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मो. अशहद पुत्र शफीक, निवासी ग्राम चोरसण्ड, थाना गौराबादशाहपुर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 12 बोर का एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बरामद असलहे के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र, उप निरीक्षक अवधेश कुमार, कांस्टेबल अंकित सिंह, नौशाद हुसैन, हरेन्द्र राजभर, अभिषेक सिंह, विमल सोनकर, संदीप कुमार और आदित्य सिंह शामिल रहे।
