देवल संवाददाता, बूढ़नपुर। विकासखंड कोयलसा के सधनपट्टी गांव में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव ने 200 मीटर सीसी रोड का लोकार्पण किया। उद्घाटन समारोह में विधायक ने बेटियों के हाथों फीता कटवाकर उन्हें सम्मान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विधायक समेत अन्य वक्ताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि चुनाव आते ही नए चेहरे और नए-नए वादे सामने आने लगते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने कहा कि अतरौलिया क्षेत्र में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर डेरा डालकर बैठे हैं और भोली-भाली जनता को बहकाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में गरीबों और उनके बच्चों की शिक्षा को लेकर बड़ी साजिश हो रही है। स्कूल बंद किए जा रहे हैं और गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित किया जा रहा है, ताकि गरीबों पर शासन करना आसान हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के मुंह से निवाला छीनने का काम कर रही है।विधायक ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और चुनावी राजनीति को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद हिंदू-मुस्लिम, राम और धर्म के नाम पर चुनाव लड़ने की राजनीति की जा रही है। जनता अब सब समझ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक जैसी समस्याओं का हिसाब वर्ष 2027 में लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सरकार बनेगी।गरीबों के हक का हिसाब लेगी जनता : नरेंद्र नाथ यादव
विशिष्ट अतिथि डॉ. नरेंद्र नाथ यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार ने गरीबों के हक पर डाका डालने का काम किया है। जनता इसका सूद समेत हिसाब लेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जंतर-मंतर पर युवाओं के धरना-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि जनता का सरकार से मोहभंग हो रहा है।कार्यक्रम के आयोजक ग्राम प्रधान हरिलाल राजभर ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। संचालन बलवंत यादव ने किया।इस मौके पर प्रमुख चंद्रशेखर यादव, बर्मन यादव, मुन्ना यादव, पप्पू दुबे, राजेंद्र राम, विजयदत्त पांडेय, प्रदीप सोनी, चंद्रजीत यादव, जय प्रकाश, गरीब यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
