कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न विकासखंडों से करीब 200 पीआरडी जवानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों के योगदान की सराहना करना और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आनंद कुमार शुक्ला के निर्देशन एवं उपस्थिति में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद और जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा (साधू वर्मा) मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के उद्बोधन के प्रसारण के बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। विधायक धर्मराज निषाद ने अपने संबोधन में पीआरडी जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था में उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान सीमित संसाधनों के बावजूद पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जो समाज और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जवानों को आगे भी इसी समर्पण और लगन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों का योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है और प्रशासन उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। साथ ही उन्होंने जवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला युवा कल्याण एवं पीआरडी की संयोजिका सुभाषिनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्हें क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अतुल कुमार सिंह, ज्योति मौर्य, अजय प्रताप यादव, सुनील यादव तथा कनिष्ठ सहायक विशाल श्रीवास्तव का सहयोग मिला। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में पीआरडी जवान उपस्थित रहे।
