आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। धर्मापुर क्षेत्र के खिलाड़ियों और पहलवानों ने ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मिनी स्टेडियम निर्माण की मांग एक बार फिर उठाई है। इस संबंध में क्षेत्र के खिलाड़ियों व जनप्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम धर्मापुर में मिनी स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव वर्ष 2011 में ही पारित किया गया था। प्रस्ताव के अनुसार करीब तीन एकड़ भूमि जिला युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित की जा चुकी है। साथ ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए 10 बिंदुओं की विस्तृत रिपोर्ट महानिदेशक युवा कल्याण, लखनऊ को भी भेजी गई थी। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
खिलाड़ियों का कहना है कि धर्मापुर क्षेत्र के अनेक खिलाड़ी और पहलवान जिला, प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं। यदि यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त मिनी स्टेडियम का निर्माण हो जाए तो ग्रामीण अंचल के युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर मंच मिलेगा और नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।
ज्ञापन में सरकार से मांग की गई कि वर्षों से आरक्षित पड़ी भूमि पर जल्द से जल्द मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपने ही गांव में खेल प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान पूर्व प्रधान धर्मापुर लालचंद यादव, पहलवान गया प्रसाद यादव, सुनील पहलवान, वीरेंद्र पहलवान, आजाद सिंह यादव समेत क्षेत्र के कई खिलाड़ी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
