आमिर, देवल ब्यूरो ,बरसठी । जौनपुर बरसठी थाना क्षेत्र में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल की अचानक तबीयत बिगड़ने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कांस्टेबल को गंभीर अवस्था में पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। फिलहाल उनका उपचार वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर निवासी कांस्टेबल विवेक गौड़ बरसठी थाने में तैनात हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उन्होंने थाने परिसर में कथित रूप से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें वाराणसी के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
.jpeg)