देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को राजकीय जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय की स्वच्छता, अध्ययन कक्ष, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पुस्तक संग्रह, डिजिटल संसाधनों तथा पाठकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय युवाओं के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए यहां गुणवत्तापूर्ण और अद्यतन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुस्तकालय में यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, पुलिस भर्ती, एनडीए, सीडीएस, टीईटी, सीटीईटी, नीट, जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की नवीनतम पुस्तकें, संदर्भ ग्रंथ, राष्ट्रीय स्तर की पत्रिकाएं और करंट अफेयर्स सामग्री नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पुस्तकालय के समग्र विकास, सदस्यता अभियान, डिजिटल लाइब्रेरी, ई-ग्रंथालय पोर्टल, करियर काउंसिलिंग, तनाव प्रबंधन कार्यशालाओं तथा आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को पुस्तकालय से जोड़ने के लिए विशेष सदस्यता अभियान चलाने और सूचना विभाग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर और टैबलेट जैसी सुविधाओं का विस्तार करने, समय-समय पर प्रेरक व्याख्यान, पुस्तक परिचर्चा, करियर मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम आयोजित करने तथा सीएसआर के माध्यम से बहुउद्देशीय हॉल और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला पुस्तकालयाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)