आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं जौनपुर लोकसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने मंगलवार को जनपद के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने शिवाजी महाराज की प्रतिमा, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भेंटवार्ता के दौरान दोनों नेताओं के बीच जौनपुर के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जिले की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।
कृपाशंकर सिंह ने प्रभारी मंत्री को जनपद की प्रमुख विकास आवश्यकताओं, स्थानीय समस्याओं और आमजन की अपेक्षाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जौनपुर के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, जिससे जिले के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जौनपुर के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी तथा विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाकर जिले के समग्र विकास को नई गति दी जाएगी।
.jpeg)