आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक। जौनपुर सावन माह में शिवालयों और मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बुधवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अरविंद कुमार यादव को ज्ञापन सौंपकर मंदिर परिसरों में बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि सावन के दौरान क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों और धार्मिक स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर परिसरों की नियमित सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्थल पर सफाई कर्मियों की तैनाती आवश्यक है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने चंदवक चौराहा स्थित चंद्रकेशर महादेव मंदिर, गांधी पार्क, रामलीला प्रांगण, हरिहरपुर स्थित बेलनाथ मंदिर एवं शिवाला, कोटिया स्थित शिव मंदिर, हरदासीपुर के जगाब्रह्म बाबा मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख मंदिरों में विशेष सफाई अभियान चलाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में विपिन गुप्ता, महेंद्र, राजकुमार यादव, रामेश्वर सिंह, पुल्लु सेठ सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
