देवल संवाददाता, आजमगढ़। फूलपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर 20 वर्षीय दिव्यांग युवती से दुष्कर्म करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना फूलपुर में मु.अ.सं. 240/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी राशिद पुत्र स्व. जाहिद निवासी ग्राम जगदीशपुर, थाना फूलपुर, पीड़िता को शादी का आश्वासन देकर बहला-फुसलाता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में विवाह करने से इंकार करने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान उपनिरीक्षक सुधीर सिंह ने पुलिस टीम के साथ गुरुवार को सुदनीपुर पावर हाउस के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक सुधीर सिंह, कांस्टेबल अनिल प्रसाद एवं आरक्षी आयुष शर्मा शामिल रहे।
