देवल संवाददाता, मधुबन।रामपुर थाना क्षेत्र के गुरुम्हा गांव में मंगलवार देर शाम अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी पीड़ित को रात लगभग नौ बजे दुकान से लौटने पर हुई।गुरुम्हा निवासी सोनू गुप्ता पुत्र शिवपूजन मर्यादपुर बाजार में किराने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दो दिन पहले उनकी पत्नी बच्चों के साथ अपने मायके गई हुई थीं। मंगलवार की सुबह सोनू रोज की तरह घर में ताला लगाकर दुकान पर चले गए थे।देर शाम लगभग नौ बजे जब सोनू दुकान बंद कर घर पहुंचे,तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर वह परेशान हो गए। मकान के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी।चोरों ने अलमारी में रखे सोने के कान के झुमके,हार,मंटीका, चूड़ी,नाक की नथिया,हाथ का कंगन,चांदी की चार अदद पायल, कमर की पेटी और बच्चों की चार जोड़ी पायल चुरा लीं। इसके साथ ही लगभग पच्चीस हजार रुपये नकद भी गायब थे।पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। बुधवार को सोनू गुप्ता ने रामपुर थाने में तहरीर दी। रामपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
