देवल संवाददाता, मऊ। सेवायोजन कार्यालय, सहादतपुरा,मऊ द्वारा एक दिवसीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों से जोड़ना रहा।रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की दो प्रमुख कंपनियों ने प्रतिभाग किया। गतिमान एग्रोफॉरेस्ट्री प्रा. लि. में कुल 28 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया,जिनमें से 09 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। वहीं रमाया हेल्थ केयर प्रा. लि. में 17 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया,जिनमें से 06 अभ्यर्थी चयनित हुए।इस प्रकार रोजगार मेले के माध्यम से कुल 15 बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। चयनित अभ्यर्थियों ने जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए लाभकारी बताया।रोजगार मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में जिला सेवायोजन कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग रहा। जिला सेवायोजन अधिकारी अरविन्द पांडेय ने युवाओं से अपील की कि वे सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित होने वाले रोजगार मेलों एवं रोजगारपरक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं।
