आमिर, देवल ब्यूरो ,मड़ियाहूं । जौनपुर मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के इटाये गांव निवासी लक्ष्मीशंकर ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया है कि मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद विपक्षी पक्ष लगातार उन पर समझौता करने और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे परिवार भय के साये में जीवन व्यतीत कर रहा है।
पीड़ित के अनुसार 25 जुलाई 2026 को पुश्तैनी जमीन के सीमांकन को लेकर हुए विवाद में विपक्षी पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर उनके घर में घुसकर उनके और उनकी पत्नी गुड़िया के साथ मारपीट की थी। घटना के संबंध में थाना मड़ियाहूं में मुकदमा अपराध संख्या 0294/2026 बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है। उनकी पत्नी का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया जा चुका है।
लक्ष्मीशंकर का आरोप है कि मुकदमे में नामजद आरोपी और उनके सहयोगी लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी आए दिन घर के आसपास मंडराते हैं और मुकदमा वापस न लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं। इससे परिवार के सभी सदस्य दहशत में हैं और किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने, जान से मारने की धमकियों के संबंध में सख्त वैधानिक कार्रवाई करने तथा दर्ज मुकदमे की विवेचना शीघ्र पूरी कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
