आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आगामी 16 जुलाई को निकलने वाले अलम-ए-नौचंदी जुलूस-ए-अमारी की तैयारियों को लेकर कमेटी की ओर से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
कमेटी के अध्यक्ष हाज़ी सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी करबलाई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जुलूस इमामबाड़ा मीर बहादुर अली, दालान बाजार, भुआ और पुरानी बाजार सहित निर्धारित मार्गों से होकर गुजरेगा। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और जुलूस के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी कराई जाएं।
प्रतिनिधिमंडल ने जुलूस मार्ग पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, टूटी सड़कों की मरम्मत, झूलते एवं लटके विद्युत तारों को दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया।
ज्ञापन सौंपने वालों में सैय्यद शहेनशाह हुसैन एडवोकेट, इसरार हुसैन एडवोकेट, रजा मेहदी एडवोकेट, नेयाज ताहिर (शेखू) एडवोकेट, नासिर अब्बास एडवोकेट, अली रजा एडवोकेट, सकलेन रिजवी एडवोकेट, मनोज चौधरी एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
