आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मौसम सामान्य होने के बाद जिले के कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि नई समय-सारिणी 8 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी।
जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, मदरसों एवं अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालय अब सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित होंगे। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सुबह 8:00 से 8:15 बजे तक प्रार्थना एवं योगाभ्यास कराया जाएगा, जबकि मध्यावकाश सुबह 10:30 बजे से 11:00 बजे तक रहेगा।
बीएसए ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे शिक्षण कार्य शुरू होने से कम से कम 15 मिनट पहले विद्यालय पहुंचकर आवश्यक तैयारियां पूरी करें। वहीं विद्यालय की छुट्टी होने के बाद भी शिक्षक 30 मिनट तक विद्यालय में रहकर शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों का निस्तारण करेंगे। आदेश का सभी विद्यालयों में सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए विशेष निर्देश जारी किए हैं कि यदि किसी विद्यालय का भवन जर्जर, क्षतिग्रस्त या असुरक्षित स्थिति में है तो उसमें किसी भी हाल में बच्चों को न बैठाया जाए। ऐसे भवनों का उपयोग तत्काल बंद कर सुरक्षित स्थान पर पठन-पाठन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
