आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय । जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के तारगहना गांव में बुधवार तड़के करंट लगने से एक वाहन चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह भोर में लघुशंका के लिए उठे और घर में लगे लोहे के चैनल को छूते ही तेज करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, तारगहना गांव निवासी 41 वर्षीय शिवपूजन बिंद पुत्र अच्छे लाल बिंद पेशे से चालक थे और वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार रात भोजन के बाद वह परिवार के साथ सोए थे। बुधवार तड़के उठने पर जैसे ही उन्होंने घर में लगे लोहे के चैनल को पकड़ा, उसमें दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि बिजली का एक तार लोहे के चैनल के संपर्क में आ गया था, जिससे पूरे चैनल में करंट प्रवाहित हो रहा था।
करंट का तेज झटका लगते ही शिवपूजन अचेत होकर गिर पड़े। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह उन्हें करंट से अलग किया। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिवपूजन की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। वह अपने पीछे पत्नी चंद्ररेखा (35), 11 वर्षीय पुत्र शिवांश और तीन वर्षीय पुत्री नैंसी को छोड़ गए हैं। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की विधिवत पुष्टि की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था की जांच कर ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
