आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय । जौनपुर खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी (चौकियां) गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में स्कूल वैन की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानीकलां स्थित एक निजी विद्यालय की वैन प्रतिदिन की तरह बच्चों को लेने गुरैनी गांव पहुंची थी। बच्चों को वाहन में बैठाने के बाद चालक वैन को पीछे कर रहा था। इसी दौरान गली से गुजर रहा तीन वर्षीय हमदान पुत्र मोहम्मद आजम वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन तत्काल उसे खेतासराय के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जौनपुर रेफर कर दिया। जौनपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि मृतक के पिता मोहम्मद आजम मनेछा स्थित फुरकानिया हायर सेकेंड्री स्कूल में शिक्षक हैं। घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्कूलों में अनुभवहीन चालकों से वाहन चलवाए जाते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। ग्रामीणों ने स्कूल वाहनों के चालकों के प्रशिक्षण, वाहन फिटनेस और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
.jpeg)