आमिर, देवल ब्यूरो ,रामपुर (जौनपुर)। थाना रामपुर क्षेत्र के राजापुर गांव में सोमवार देर रात जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट में 26 वर्षीय दिनेश तिवारी उर्फ मोनू की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजापुर निवासी दिनेश तिवारी उर्फ मोनू का पड़ोसी महावीर तिवारी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक मारपीट में बदल गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि महावीर तिवारी और उसके परिजनों ने दिनेश को अपने दरवाजे पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों का दावा है कि इसी मारपीट के कारण उसकी मौत हुई। वहीं पुलिस का कहना है कि घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है, जिसका मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों परिवारों में लंबे समय से तनाव बना हुआ था और सोमवार रात यह विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया।
दिनेश तिवारी अपने पीछे पत्नी और दो वर्ष की मासूम बेटी राधिका को छोड़ गया है। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है, वहीं गांव में भी शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की हर पहलू से गहन जांच जारी है।
