आमिर, देवल ब्यूरो ,शाहगंज (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के मजडीहां गांव निवासी चंदन राजभर की मौत के बाद रविवार देर शाम गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले हुई मारपीट की घटना में चंदन गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसका उपचार जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की मां प्रभावती देवी ने ग्राम प्रधान समेत अन्य नामजद लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह क्षेत्रीय विधायक रमेश सिंह मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और निष्पक्ष जांच के साथ शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। विधायक के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए।
वहीं क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला पूर्व में हुई मारपीट की घटना से जुड़ा है। घायल चंदन का इलाज चल रहा था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हृदयाघात बताया गया है। हालांकि पूरे प्रकरण की जांच अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय अभिलेख और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
