आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र में अंजु गिल एकेडमी स्कूल के समीप कथित रूप से संचालित देह व्यापार के अड्डे पर सोमवार को लाइनबाजार और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध परिसर की तलाशी ली और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मौके से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
