आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय । जौनपुर खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंगर गांव निवासी एक युवक की सऊदी अरब में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सोंगर गांव निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद अहमद पुत्र अल्ताफ करीब डेढ़ वर्ष पहले परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए रोजगार की तलाश में कुवैत गए थे। वहां वह एक निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि अपने मालिक के साथ किसी जरूरी काम से वह कुवैत से सऊदी अरब गए थे।
इसी दौरान उनकी कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार में सवार मोहम्मद अहमद, उनके मालिक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना विदेश से परिजनों को मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव के लोगों ने बताया कि मोहम्मद अहमद मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे तथा परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए विदेश में नौकरी कर रहे थे। अब परिजन उनके पार्थिव शरीर के भारत लाए जाने का इंतजार कर रहे हैं। घटना से पूरे सोंगर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
.jpeg)