आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सुजानगंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य की 199 ग्राम हेरोइन के साथ दो अंतरप्रांतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित बिहार से हेरोइन लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो पर्स, दो आधार कार्ड और 1,050 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार तड़के सुजानगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने सई नदी पुल के पास ग्राम बखोपुर में घेराबंदी कर रात करीब 1:50 बजे दोनों तस्करों को दबोच लिया। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चंद्र तिवारी और क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो. सर्फुद्दीन राईनी (36) निवासी मोहनियां, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार तथा वाजिद अली (19) निवासी कैमूर, बिहार (वर्तमान पता देहरी, जिला रोहतास) के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बिहार से हेरोइन लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर नशे के आदी लोगों को बेचते थे। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। साथ ही वाजिद अली के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है।
इस संबंध में थाना सुजानगंज में मु.अ.सं. 262/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक आनंद राय, हेड कांस्टेबल मानस तिवारी तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।
